रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के मेफेयर में आयोजित चौथे BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ किया। 18 से 20 सितंबर तक चल रहे इस कॉन्क्लेव की थीम ‘Restoring Balance to Cancer Care’ है, जिसमें देश-विदेश के 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई केवल उपचार तक सीमित नहीं है। मरीज को समय पर इलाज के साथ मानसिक और भावनात्मक सहयोग देना भी जरूरी है, ताकि उसे यह भरोसा रहे कि वह इस बीमारी से लड़ाई में अकेला नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर की समय पर पहचान होने से उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं। उन्होंने विशेषज्ञों से ऐसी तकनीक और शोध पर चर्चा करने का आग्रह किया, जिससे बीमारी की जल्द पहचान हो और इलाज अधिक सुलभ हो सके। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। सरकार की ओर से आयुष्मान भारत के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपये तक उपचार सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि लगभग 40 हजार लोगों को बीमारी की पहचान के बाद उपचार से जोड़ा गया।
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी को प्रदेश की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य में विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है, जिससे मरीजों की जानकारी का बेहतर संधारण किया जा सकेगा। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाने की बात कही गई।
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री ने कैंसर जागरूकता, स्क्रीनिंग, जांच और उपचार से जुड़ी नवीन तकनीकों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विशेषज्ञों से कैंसर की शुरुआती पहचान और आधुनिक उपचार पद्धतियों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी सहित देश-विदेश से आए चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

