0-मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट के रोमानो रेस्तरां की घटना; डॉ. अशोक सेठ ने खाद्य स्वच्छता पर उठाए सवाल, होटल प्रबंधन ने जांच का भरोसा दिया
मुंबई। महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर चल रहे सख्त अभियान के बीच मुंबई के एक पांच सितारा होटल में खाने की मेज पर कॉकरोच दिखाई देने का मामला सामने आया है। दिल्ली के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक सेठ अपने कुछ दोस्तों के साथ मुंबई के जेडब्ल्यू मैरियट होटल स्थित रोमानो रेस्तरां में रात्रिभोज के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मेज पर एक कॉकरोच दिखाई दिया। घटना का वीडियो डॉ. सेठ ने सामाजिक माध्यम पर साझा किया है।
डॉ. सेठ ने वीडियो साझा करते हुए घटना को व्यंग्यात्मक अंदाज में बताया। उन्होंने कॉकरोच का नाम ‘रोचीÓ रखते हुए लिखा कि शनिवार रात रोमानो रेस्तरां में ‘रोचीÓ अचानक उनकी मेज पर आ गया और उनके साथ रात्रिभोज करना चाहता था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उसे जाने के लिए मनाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन वह वहां से जाने को तैयार नहीं हुआ।
डॉ. सेठ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि शायद कॉकरोच को पास्ता नहीं, बल्कि पिज्जा पसंद था। हालांकि, उन्होंने कहा कि सच यह है कि कॉकरोच को खाने की मेज पर देखकर उनकी भूख ही खत्म हो गई और वे वहां से चले आए।उन्होंने महंगे और प्रतिष्ठित होटलों में इस तरह की खाद्य स्वच्छता संबंधी लापरवाही पर नाराजगी जताई। डॉ. सेठ ने महाराष्ट्र के खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे का भी उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से देखेगा।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे ने मई 2026 में पदभार संभालने के बाद होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा जांच अभियान को तेज किया है।अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और अनुमति पत्र निलंबित किए जाने की कार्रवाई भी की गई है। खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर विभाग की सख्ती चर्चा में रही है।
मामला सामने आने के बाद मैरियट बॉनवॉय असिस्ट की ओर से इसकी जांच किए जाने की बात कही गई है। होटल प्रबंधन की ओर से घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया गया है।पांच सितारा होटल के रेस्तरां में खाने की मेज पर कॉकरोच दिखाई देने की घटना ने खाद्य स्वच्छता और होटल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और खाद्य सुरक्षा मानकों के स्तर पर कोई गंभीर लापरवाही हुई थी या नहीं।
