सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की सुदूर और पहाड़ी कोरवा बस्तियों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में 113 नए हैंडपंप और बोरवेल खोदे जाएंगे, जिससे हजारों ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, हाल ही में सीएम ने सरगुजा दौरे के दौरान दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में पेयजल संकट को गंभीरता से लिया था। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए थे कि किसी भी ग्रामीण को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके बाद जिला प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने संबंधित विभागों को एक महीने के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के अनुसार सर्वे का काम पहले ही पूरा हो चुका है और अब अलग-अलग विकासखंडों में बोरवेल और हैंडपंप लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना के तहत लुंड्रा, लखनपुर, सीतापुर, मैनपाट, अंबिकापुर और अन्य इलाकों में सबसे ज्यादा काम होगा। यह पूरा प्रोजेक्ट जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) फंड से कराया जाएगा। सरकार का मानना है कि, इस पहल से दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही गर्मी के मौसम में होने वाली पेयजल समस्या का स्थायी समाधान भी मिल सकेगा।
