कोरिया डबल मर्डर केस पर सीएम साय सख्त: बोले- दोषियों को नहीं मिलेगी राहत, रेत विवाद की हर परत की होगी जांच

Follow Us

रायपुर। कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए खूनी विवाद ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके करीबी वीरू सिंह गहरवार की मौत के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि, घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सूरजपुर दौरे पर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि, मामला बेहद गंभीर है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, कानून अपना काम कर रहा है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

बताया जा रहा है कि, रेत कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार रात हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि, हमलावरों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी। इस घटना में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे वीरू सिंह गहरवार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार का आभार भी जताया। वहीं आगामी विधानसभा सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।