सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की, कहा- भारत आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहा है

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में देश ने आत्मनिर्भरता और अंत्योदय की नई इबारत लिखी है। नरेला के रामदेव चौक स्थित कम्फर्ट जोन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश ने सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक और कूटनीतिक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि देश के हर कोने में डिजिटल क्रांति और आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है।

नरेला क्षेत्र के विकास पर बात करते हुए सीएम ने बताया कि लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अटल कैंटीन, सड़क निर्माण और परिवहन सुविधाओं का विस्तार शामिल है। उन्होंने कहा कि नरेला दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभाओं में से एक है, जिसे लंबे समय तक विकास से वंचित रखा गया था, लेकिन अब सरकार इसे तेजी से विकसित कर रही है। सीएम ने यह भी आश्वासन दिया कि बाईपास, फुटओवर ब्रिज, बालिका कॉलेज जैसी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा और सभी जनप्रतिनिधियों के समन्वय से विकास कार्य समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाए जाएंगे।