CG Politics: वायरल ऑडियो से गरमाई सियासत, रेणुका सिंह बोलीं- एआई का खेल, भूपेश ने कहा- दिल की बात जुबां पर आ गई

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में इन दिनों एक वायरल ऑडियो को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे दो ऑडियो क्लिप्स ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। दावा किया जा रहा है कि, वायरल आवाज भाजपा विधायक रेणुका सिंह की है, जिसमें आगामी चुनाव और पार्टी के भीतर नाराजगी को लेकर बातें सुनाई दे रही हैं।
पहले ऑडियो में कथित तौर पर यह कहा गया है कि अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी और भूपेश बघेल फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं दूसरे क्लिप में जिला महामंत्री मनोज साहू पर टिप्पणी की गई है। इन ऑडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक रेणुका सिंह ने दोनों ऑडियो को पूरी तरह AI जनरेटेड बताया है। उन्होंने कहा कि, उनकी छवि खराब करने के लिए तकनीक का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि अब आवाज को भी AI बताकर बचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि, अगर ऑडियो फर्जी है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भूपेश बघेल ने आगे कहा कि, रेणुका सिंह लंबे समय तक उनके साथ राजनीति में रहीं और शायद “जो दिल में था, वही जुबां पर आ गया।” इधर, मामले को लेकर विधायक समर्थकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।