सीबीआई का बड़ा एक्शन: SECL का घूसखोर क्लर्क गिरफ्तार, पीएफ क्लियर करने के बदले मांग रहा था रिश्वत

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसईसीएल (SECL) कुसमुंडा क्षेत्र के सीएमपीएफ (CMPF) विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को सीबीआई की टीम ने रविवार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक खदान कर्मी की शिकायत पर की गई, जिसे अपनी ही मेहनत की कमाई यानी पीएफ (PF) का पैसा निकालने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे थे।

आरोप है कि, क्लर्क मनोहर लाल ने कर्मी का काम करने के बदले मोटी रिश्वत की मांग की थी। बार-बार परेशान किए जाने के बाद कर्मी ने इसकी सूचना सीबीआई को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने जाल बिछाया और भिलाई से दो गाड़ियों में पहुंची टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी क्लर्क को धर दबोचा। सीबीआई के अचानक पहुंचने और इस कार्रवाई से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया, वहीं अन्य कर्मचारियों के बीच सन्नाटा पसर गया।

इस गिरफ्तारी के बाद खदान कर्मियों में खुशी की लहर है, क्योंकि वे अक्सर ऐसे कामों के लिए बाबुओं की मनमानी का शिकार होते थे। सीबीआई अब आरोपी क्लर्क से पूछताछ कर रही है ताकि विभाग में चल रहे किसी संभावित भ्रष्टाचार के बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।