दुर्ग में कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये चोरी, CCTV में संदिग्ध बाइक सवार कैद

Follow Us

दुर्ग। शहर में दिनदहाड़े कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दिया और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी की कोडहा में देव एग्रो इंडस्ट्रीज नाम से फैक्ट्री है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने घर से
4.90 लाख रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। रकम एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिस पर ‘जयश्री साल्वेंट्स’ लिखा हुआ था। यह राशि उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए ले जानी थी।

सुबह करीब 9 बजे प्रमोद ने पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने कार खड़ी की और उसे लॉक कर दूसरी बाइक से नया पारा, दुर्ग चले गए। इसके बाद वे अपने दोस्त रितेश साहू की बारदाना दुकान पहुंचे और फिर इंदिरा मार्केट स्थित मनमोहन स्वीट्स में चाय पीने गए।

वापस लौटने के दौरान उन्हें उत्सव शोरूम संचालक अमरजीत सिंह का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनकी कार का बाईं ओर का अगला शीशा टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर प्रमोद ने देखा कि कार से नकदी से भरा बैग गायब था।

सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी कारोबारी का घर से ही पीछा कर रहा था और उसे बड़ी रकम ले जाने की जानकारी थी। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।