धमतरी। जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिसका असर अब स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। बारिश और बिगड़ते मौसम को देखते हुए शिक्षा विभाग ने नगरी ब्लॉक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जिले के कई स्कूल परिसरों में बारिश का पानी भर गया है। इसी बीच गुजरा स्कूल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चे घुटनों तक भरे पानी के बीच से गुजरते हुए स्कूल जाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नगरी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है। वहीं, शिक्षा विभाग ने बच्चों को जलभराव वाले रास्तों से स्कूल आने-जाने से रोकने और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छुट्टी का निर्णय लिया है।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग जिले के हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।
