रायगढ़ के मां शिवा स्टील प्लांट में हादसा, इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग से 4 श्रमिक झुलसे; 2 की हालत गंभीर

Follow Us

रायगढ़। जिले के मां शिवा स्टील प्लांट में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग होने से चार श्रमिक झुलस गए। हादसे में दो श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, रोज की तरह श्रमिक प्लांट में काम कर रहे थे। इसी दौरान इंडक्शन फर्नेस में अचानक तकनीकी समस्या के चलते बॉयलिंग हो गई, जिसकी चपेट में आने से प्रमोद सोनी, चौखर सिंह, शनि सिंह और गुड्डू झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन और पुलिस को जानकारी दी गई। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इनमें दो श्रमिकों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि मां शिवा स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग के कारण चार श्रमिक झुलसे हैं। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।