बीड़। महाराष्ट्र के बीड़ जिले के उमापुर गांव में शादी के नाम पर चल रहे बड़े ठगी रैकेट का खुलासा हुआ है। यहां एक संगठित गिरोह ग्रामीण युवकों को निशाना बनाकर फर्जी शादी कराता था और उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेता था। ताजा मामले में एक महिला ने पहले आठ शादियां कीं और नौवीं शादी उमापुर के युवक से कर उसे भी शिकार बना लिया। पीड़ित योगेश शिंदे के अनुसार, शादी तय कराने वाले एजेंट ने उनसे करीब 3 लाख रुपये लिए थे। इसमें 1 लाख नकद और 2 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर शामिल थे।
इसके बाद मंदिर में शादी कराई गई। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन घर से फरार हो गई और साथ में सोना-नकदी लेकर गायब हो गई। जांच में सामने आया कि यह महिला पहले भी आठ अलग-अलग पुरुषों से शादी कर चुकी थी और हर बार यही तरीका अपनाया गया था। गिरोह शादी के बाद पैसे और जेवर लेकर फरार हो जाता था। पीड़ित का आरोप है कि, उन्हें करीब 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है और वह मानसिक रूप से परेशान हैं। इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की गई है, जिसके बाद चकलांबा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
