गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां उदंती अभ्यारण्य क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामला उदंती अभ्यारण्य के कोर जोन अंतर्गत सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, वन विभाग ने हाल ही में गांव के 166 परिवारों के खिलाफ अतिक्रमण और वन अपराध से जुड़ा मामला दर्ज किया था। इसी कार्रवाई के तहत वन विभाग की टीम गांव पहुंची थी।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि, अतिक्रमणकारियों ने वन अमले को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया और उपनिदेशक के साथ धक्का-मुक्की की। घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल पुलिस से सहायता मांगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की देखी जा सकती है। फिलहाल पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।
