मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष से लूट, बाइक सवार बदमाश मोबाइल लेकर फरार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक लूटपाट का शिकार हो गए। राजधानी के शंकर नगर इलाके में मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान भारत माता चौक के पास बाइक पर आए दो युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि, आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल जोन डीसीपी और क्राइम डीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस ने शहर में अलर्ट जारी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। राजधानी में बढ़ती झपटमारी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है।