रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रिंग रोड स्थित हंस ट्रैवल्स कार्यालय पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा है। यह कार्रवाई संदिग्ध जाली नोटों की तस्करी की सूचना के आधार पर की गई। सूत्रों के अनुसार, डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की पांच सदस्यीय टीम ने ट्रैवल्स ऑफिस पर अचानक दबिश दी। जांच के दौरान टीम को 10, 20 और 50 रुपये के नोटों से भरे तीन बड़े बोरे मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, यह नकदी पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिल्ली भेजी जा रही थी। आरोप है कि, इस पूरे नेटवर्क में कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें कोलकाता के उदय सिंह बिस्वाल और दिल्ली के कमल किशोर गुप्ता का नाम सामने आया है। यह रकम बस के जरिए ट्रांसपोर्ट की जा रही थी। डीआरआई की टीम ने सभी बरामद बोरों को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह मामला जाली नोटों के बड़े नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध नोट कहां से आए और इन्हें किन-किन राज्यों में पहुंचाया जाना था। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
