रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा और जनसमर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में एक माह तक विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए 29 अगस्त को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशस्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और प्रदेशभर के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस कार्यशाला में 17 सितंबर से शुरू होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत योजना पर चर्चा की जाएगी। साथ ही अलग-अलग आयोजनों के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी। कार्यशाला में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा अभियान से जुड़े ओपी चौधरी मौजूद रहेंगे।
भाजपा के मुताबिक, महीनेभर चलने वाले अभियान में सेवा, रचनात्मक गतिविधियों और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश स्तर की कार्यशाला के बाद इन कार्यक्रमों को जिले और स्थानीय स्तर तक पहुंचाने की तैयारी की जाएगी।
