आरंग। प्रदेश में भाजपा की सरकार और आरंग नगर पालिका परिषद में भाजपा अध्यक्ष होने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा पार्षदों में नाराजगी सामने आई है। नगर पालिका के भाजपा पार्षदों और प्रतिनिधियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम संजीवन सोनवानी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्षदों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद पालिका प्रशासन इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे नगर पालिका परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता से जनता के बीच गलत संदेश जा रहा है और इसके लिए नगर पालिका प्रशासन जिम्मेदार होगा।
इस मामले ने आरंग की स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज कर दी है। भाजपा पार्षदों का आंदोलन की चेतावनी देना इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि सत्ता और नगर पालिका दोनों जगह भाजपा की स्थिति मजबूत है। ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष हीरामन कोसले, सभापति नरेंद्र लोधी, पुष्कर साहू, वीरेंद्र कंडरा, संतोष लोधी, उमाकांत यादव, तोषण साहू, खिलेश धुरंधर, राकेश सोनकर और विक्रम परमार सहित अन्य मौजूद रहे।


