चीन ने रॉकेट रिकवरी सिस्टम का सफल परीक्षण किया, समुद्र में सुरक्षित उतरा लॉन्ग मार्च-10B बूस्टर

Follow Us

बीजिंग। चीन ने अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए प्रायोगिक रॉकेट रिकवरी सिस्टम का सफल परीक्षण किया है। इस परीक्षण के दौरान लॉन्ग मार्च-10B रॉकेट के पहले चरण (बूस्टर) को नियंत्रित तरीके से समुद्र में स्थित एक विशेष प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित उतारा गया। रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर में लॉन्ग मार्च-10B रॉकेट का प्रक्षेपण किया गया। उड़ान भरने के लगभग छह मिनट बाद इसका पहला चरण मुख्य रॉकेट से अलग हुआ और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समुद्र में स्थापित रिकवरी प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित पहुंच गया। इस परीक्षण को चीन के पुन: प्रयोज्य (Reusable) रॉकेट कार्यक्रम के लिए अहम कदम माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि रॉकेट के बूस्टर को प्रत्येक प्रक्षेपण के बाद दोबारा इस्तेमाल करने की तकनीक सफलतापूर्वक विकसित हो जाती है, तो अंतरिक्ष मिशनों की लागत में उल्लेखनीय कमी आ सकती है। इससे भविष्य के चंद्र मिशनों और अन्य अंतरिक्ष अभियानों को भी गति मिलने की संभावना है। रीयूजेबल रॉकेट तकनीक को लेकर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा तेज हो चुकी है। अमेरिका, चीन और अन्य देश कम लागत वाले अंतरिक्ष परिवहन तंत्र विकसित करने पर लगातार काम कर रहे हैं। चीन का यह सफल परीक्षण इस दिशा में उसकी तकनीकी क्षमता को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है।