बाइकर्स मीट बना कांकेर पुलिस के साइबर जागृति अभियान का मंच

Follow Us

करीब 300 बाइकर्स और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी, साइबर वॉलंटियर बनने के लिए किया प्रेरित

कांकेर। कांकेर पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत युवाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में न्यू कम्युनिटी हॉल, कांकेर में आयोजित ‘आओ छत्तीसगढ़ देखो बस्तर बाइकर्स मीट को साइबर जागरूकता के मंच के रूप में उपयोग किया गया। कार्यक्रम में करीब 300 बाइकर्स, राइडर्स और युवाओं ने सहभागिता की।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, एसडीओपी कांकेर हरीश पाटिल और थाना प्रभारी कांकेर जितेंद्र साहू की मौजूदगी में युवाओं एवं बाइकर्स को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी केवाईसी अपडेट, लॉटरी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और एपीके फाइल के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सावधान किया। युवाओं को समझाइश दी गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

प्रभावी विवेचना से अपराधियों को 10 साल की सजा, कोर्ट मुहर्रिर आरक्षक खेमू राम साहू सम्मानित

इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अज्ञात स्रोत से एपीके अथवा मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने की अपील की गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी युवाओं को जागरूक किया गया तथा व्यक्तिगत फोटो, मोबाइल नंबर, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य निजी सूचनाएं सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

युवाओं को साइबर वॉलंटियर बनने के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और बाइकर्स को साइबर पाठशाला की अवधारणा से जोड़ते हुए अपने परिवार, मित्रों, गांव और मोहल्ले में कम से कम 10 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। युवाओं को साइबर जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाते हुए समाज में साइबर वॉलंटियर के रूप में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। बाइकर्स समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से बस्तर पर्यटन के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश भी आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

पुतिन और जेलेंस्की की जी-20 सम्मेलन में नहीं होगी मुलाकात, रूस ने ठुकराया प्रस्ताव

कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे मजबूत हथियार जागरूकता है। नागरिक स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और शिकायत दर्ज कराएं।