साइबर फ्रॉड से सावधान: 21 वाले नंबर डायल करने से पहले जान लें सच्चाई, क्या होता है इसका असर?

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को साइबर ठगी के एक संभावित तरीके को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अनजान व्यक्ति आपको 21 के साथ किसी मोबाइल नंबर और अंत में # वाला कोड डायल करने के लिए कहे, तो बिना जानकारी के ऐसा न करें।

उन्होंने बताया कि उनके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम से एक कोरियर आया है और पता स्पष्ट नहीं होने के कारण एक नंबर पर कॉल करने के लिए कहा। दिए गए नंबर पर गौर करने पर उन्होंने देखा कि वह 21 मोबाइल नंबर# के प्रारूप में था, जिसके बाद उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने कॉल नहीं किया।

दरअसल, 21 नंबर# एक कॉल फ़ॉरवर्डिंग (Call Forwarding) कोड होता है। यदि इसे डायल किया जाता है और आपका नेटवर्क इसे सपोर्ट करता है, तो आपकी आने वाली वॉइस कॉल उस नंबर पर फ़ॉरवर्ड हो सकती हैं। हालांकि, इससे SMS, OTP या बैंकिंग संदेश स्वतः दूसरे नंबर पर नहीं पहुंचते। विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऐसे USSD कोड डायल न करें। यदि आपको संदेह हो कि आपके फोन में कॉल फ़ॉरवर्डिंग सक्रिय हो गई है, तो फोन की Call Forwarding सेटिंग जांचें या अपने मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क करें।