लखनऊ । डीडीयू नगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। चलती दून एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच बने गैप में गिर गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ट्रेन चलने के बाद उसमें सवार होने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। यात्रियों ने तुरंत शोर मचाकर लोको पायलट को सतर्क किया, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में महिला को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी। रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
