रायपुर। आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी की कोशिश के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि रायपुर से ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद एक युवक रिजर्व कोच में यात्री का सामान लेकर भागने लगा। सामान चोरी होते देख यात्री उसके पीछे दौड़ा। बचने के प्रयास में आरोपी ट्रेन के दरवाजे से बाहर लटक गया, लेकिन यात्री ने उसे हाथ और लात से मारना जारी रखा। मार से बचने के लिए आरोपी ने उरकुरा-मांडर के बीच चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की। जीआरपी आरोपी चोर की तलाश में जुटी है, वहीं यात्री को ट्रेन से कूदने के लिए मजबूर करने के आरोप में रायपुर निवासी आर. सुरेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
