मुंबई। सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी स्टारर फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज हो गया है। टीजर में देश के विभाजन के दौर की दर्दनाक घटनाओं के साथ सनी देओल का दमदार एक्शन अंदाज देखने को मिला है। फिल्म की कहानी 1947 के बंटवारे के समय आम लोगों के संघर्ष और दर्द को दिखाती है। टीजर की शुरुआत हिंसा, आगजनी और लोगों की परेशानियों वाले भावुक दृश्यों से होती है। इसमें प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी के किरदार उस मुश्किल दौर का सामना करते नजर आते हैं। इसके बाद सनी देओल की एंट्री कहानी में नया जोश भर देती है।
सनी देओल अपने दमदार अंदाज में कहते हैं, “डर रहा है इंसान, मर रहा है इंसान, और मैं जीते जी मरना नहीं चाहता।” इस संवाद के साथ उनके कई जबरदस्त एक्शन सीन्स दिखाई देते हैं। ‘बंटवारा 1947’ असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्या ए नई’ पर आधारित है। फिल्म में सनी देओल सिकंदर मिर्जा के किरदार में नजर आएंगे। इसमें प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, अभिमन्यु सिंह और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
