रायपुर में प्रेमिका को जिंदा जलाने की कोशिश: महिला की हालत गंभीर, आरोपी फरार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। आग की लपटों में घिरी महिला ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर महिला की जान बचाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला का मेकाहारा अस्पताल में इलाज जारी है। पीड़िता की पहचान राजकुमारी साहू, निवासी आरंग, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी और आरोपी वीरु धीवर के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।

पेट्रोल डालकर लगाई आग
पुलिस के अनुसार, रविवार रात वीरु धीवर और राजकुमारी साहू साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर राजकुमारी पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। आग लगते ही महिला चीख-पुकार करने लगी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी को अस्पताल पहुंचाया। उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद फरार हुआ आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वीरु धीवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के वक्त मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी किस दिशा में भागा।

2021 से पहले से था दोनों के बीच प्रेम संबंध
एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, वीरु धीवर और राजकुमारी साहू के बीच 2021 से पहले से प्रेम संबंध था। इसी साल आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। आरोप है कि वीरु ने राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला किया था। इस मामले में धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस घटना के बाद राजकुमारी और उसके पति अलग-अलग रहने लगे थे। इसके बावजूद वीरु और राजकुमारी के बीच संबंध बने रहे। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना वाले दिन भी दोनों साथ थे।

वारदात की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश के साथ घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।