सड़कों पर उतरे आत्मानंद संविदा शिक्षक-कर्मचारी: तूता धरना स्थल से शुरू हुआ 2 दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में कार्यरत संविदा शिक्षकों और कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर से आए सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी एकजुट होकर 2 दिवसीय धरना पर बैठे है। आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वे सेवा नियमितीकरण, वेतन में वृद्धि, सेवा सुरक्षा, पेंशन लाभ और सचिवालय स्तर पर संवर्ग ढांचा बनाने सहित कुल 6 प्रमुख मांगों को लेकर सरकार का ध्यान खींच रहे हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। यह हड़ताल चार अगस्त को शुरू हुआ जो पांच अगस्त तक चलेगा।

सामूहिक हड़ताल पर जाने का फैसला

संघ के सदस्यों ने बताया कि, वे पिछले कुछ समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसलिए, उन्होंने सामूहिक हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। हड़ताल के दौरान, संघ के सदस्य अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर सरकार से मांग करेंगे कि उनकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। संघ के नेताओं ने कहा कि, वे अपनी मांगों को लेकर गंभीर हैं और सरकार से सकारात्मक जवाब की उम्मीद कर रहे हैं।