दुर्ग। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दुर्ग शहर के वार्ड क्रमांक 54, पोटियाकला में उत्साह, उल्लास और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा यादव समाज के बीच पहुंचे और पर्व की खुशियां साझा कीं। पारंपरिक राउत नाचा की मनमोहक धुनों के बीच अरुण वोरा भी स्वयं को थिरकने से रोक नहीं सके और लोकनृत्य में सहभागी बनकर उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया।
मांदर और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप, राउत नाचा की रंगीन वेशभूषा तथा लोकगीतों से पूरा वातावरण छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आया। अरुण वोरा ने समाजजनों के साथ राउत नाचा में हिस्सा लेकर यह संदेश दिया कि हमारी लोकपरंपराएं केवल देखने और सराहने की चीज नहीं, बल्कि इन्हें आत्मसात करना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की लोककलाओं, परंपराओं और आपसी भाईचारे से है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने यादव समाज सहित समस्त क्षेत्रवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए लोकपरंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का आह्वान किया।
