बांका। बिहार में युवतियों और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जमुई और समस्तीपुर की सनसनीखेज वारदातों के बाद अब बांका जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मंदार पर्वत से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मंदार पर्वत परिसर में कुछ दबंग मनचलों द्वारा एक बेबस लड़की और उसके साथियों के साथ सरेआम अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
हाथ पकड़कर घसीटा, चप्पल-डंडे से पीटने की दी धमकी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस खौफनाक वीडियो में 3 से 4 दबंग युवक एक लड़की को चारों तरफ से घेरकर धमकाते नजर आ रहे हैं। इनमें से एक सिरफिरे लड़के के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में चप्पल दिखाई दे रही है। दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपी लड़की का हाथ जबरन पकड़कर खींचते दिखे और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां देते रहे। पीड़िता खौफ के साए में कांपती नजर आई। जब उसके साथ मौजूद साथियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें भी जमकर पीटा और गाली-गलौज की।
हरकत में आया पुलिस महकमा, 7 अज्ञात बदमाशों पर FIR दर्ज
वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही बांका पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की नजाकत को भांपते हुए बौंसी थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच तेज कर दी। बौंसी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा भारी पुलिस बल के साथ खुद मंदार पर्वत पहुंचे। स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ में तस्दीक हुई कि यह शर्मनाक वारदात मंदार पर्वत परिसर की ही है और आरोपी स्थानीय लड़के हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना अप्रैल महीने के आसपास की बताई जा रही है। थानाध्यक्ष के बयान पर 6 से 7 अज्ञात मनचलों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
जमुई और समस्तीपुर में हो चुकी है कड़ी कार्रवाई, अब बांका पर नजरें
बिहार में युवतियों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर पुलिस का रुख बेहद कड़ा रहा है। इससे पहले जमुई के मड़वा पहाड़ी पर छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर दबोचा था, जबकि समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम में भी छेड़खानी के 4 आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। ऐसे में अब मंदार पर्वत की पवित्र धरती को कलंकित करने वाले इन गुंडों की गिरफ्तारी को लेकर बांका पुलिस की कार्यशैली पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हैं।
