मेरठ। मेरठ के मवाना इलाके में नौकरी के नाम पर ठगी से परेशान होकर एक युवक ने जान दे दी. मृतक की पहचान मवाना खुर्द के रहने वाले मनमोहन के रूप में हुई है. मौत से पहले मनमोहन ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें कहा कि उसके साथ नौकरी के नाम पर ठगी की गई है. अब पैसे वापस नहीं मिल रहे हैं. वीडियो बनाकर युवक ने आरोप लगाया कि इंचौली थाना क्षेत्र के रहने वाले कुणाल नाम के व्यक्ति ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये लिए थे. उसने करीब छह लाख रुपए ले लिए और फिर न तो नौकरी लगवाई और न पैसे वापस किए गए. इसी को लेकर मनमोहन लंबे समय से मानसिक तनाव में था.
आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में युवक ने आपबीती बयां करते हुए कई बातें कहीं. घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मवाना थाने के बाहर प्रदर्शन किया और सड़क जाम करने का प्रयास किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर हालात कंट्रोल किए. मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी कुणाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है. वही इस मामले में मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि थाना मवाना पर सुबह सूचना मिली कि मनमोहन नाम के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. तत्काल मौके पर टीम पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले की जांच में पता चला कि घटना के कुछ समय पहले मृतक ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने इंचौली के व्यक्ति पर पैसे लेकर नौकरी न लगवाने का आरोप लगाया है. इसी तनाव के चलते यह घटना हुई है. इसमें तहरीर लेकर केस दर्ज कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है
