डॉक्टर्स डे पर मानवता की मिसाल: चिकित्सक सहित दो लोगों ने किया देहदान का संकल्प

Follow Us

दुर्ग। डॉक्टर्स डे के अवसर पर जिला चिकित्सालय, दुर्ग में मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। चिकित्सक डॉ. विनीता ध्रुवे एवं जेडीएस अटेंडेंट देवकी पनिका ने देहदान की घोषणा करते हुए अपनी देहदान की वसीयत नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्य कुलवंत भाटिया एवं रितेश जैन को सौंपी। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज, डॉ. जे.पी. मेश्राम, नेत्र सहायक अधिकारी अजय नायक, प्रदेश कांग्रेस सचिव अयूब खान, रेडक्रॉस सदस्य दिलीप ठाकुर, प्रशांत डोंगांवकर सहित जिला चिकित्सालय का स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने डॉ. विनीता ध्रुवे एवं देवकी पनिका के इस मानवीय निर्णय की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

डॉ. विनीता ध्रुवे ने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई के दौरान से ही उनके मन में देहदान का संकल्प था। डॉक्टर्स डे के अवसर पर इसकी औपचारिक घोषणा कर उन्होंने इस दिन को अपने जीवन का यादगार क्षण बना लिया। वहीं देवकी पनिका ने कहा कि यदि उनके निधन के बाद उनका शरीर समाज सेवा और चिकित्सा शिक्षा के कार्य आ सके, तो उनका जीवन सार्थक हो जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. आशीष मिंज ने देहदान एवं नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए दोनों के निर्णय की सराहना की। डॉ. जे.पी. मेश्राम, अजय नायक एवं अयूब खान ने अपने उद्बोधन में नवदृष्टि फाउंडेशन द्वारा देहदान एवं नेत्रदान के क्षेत्र में किए जा रहे जनजागरूकता कार्यों की प्रशंसा की। अजय नायक ने कहा कि प्रदेश अभी नेत्रदान के लक्ष्य से काफी पीछे है, लेकिन लगातार जागरूकता अभियान चलने से भविष्य में इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में नवदृष्टि फाउंडेशन के सदस्य अनिल बल्लेवार, कुलवंत भाटिया, राज आढ़तिया, प्रवीण तिवारी, मुकेश आढ़तिया, हरमन दुलई, रितेश जैन, राजेश पारख, जितेंद्र हासवानी, मंगल अग्रवाल, किरण भंडारी, उज्ज्वल पींचा, सत्येंद्र राजपूत, सुरेश जैन, पीयूष मालवीय, दीपक बंसल, विकास जायसवाल, मुकेश राठी, प्रभुदयाल उजाला, प्रमोद बाघ, सपन जैन, यतीन्द्र चावड़ा, जितेंद्र कारिया, बंसी अग्रवाल, अभिजीत पारख, मोहित अग्रवाल, चेतन जैन, दयाराम टांक, विनोद जैन एवं राकेश जैन ने डॉ. विनीता ध्रुवे एवं देवकी पनिका के इस मानवीय निर्णय की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।