80 हजार की नौकरी, लेकिन करोड़ों की संपत्ति! तेलंगाना की निलंबित तहसीलदार के ठिकानों पर ACB का बड़ा एक्शन

Follow Us

तेलंगाना। तेलंगाना में एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार टी. सुचरिता के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पहले से कथित रिश्वतखोरी मामले में जांच का सामना कर रहीं अधिकारी के खिलाफ अब करोड़ों की संपत्ति जुटाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान एसीबी को 2.17 एकड़ कृषि भूमि, हैदराबाद में तीन फ्लैट, कीसारा और खानमेट में दो प्लॉट के दस्तावेज, 12 लाख रुपये नकद, करीब 38 लाख रुपये की बैंक जमा राशि और लगभग 1.20 करोड़ रुपये के सोने व हीरे के आभूषण मिले। इसके अलावा एक फॉक्सवैगन कार और एक हुंडई क्रेटा एसयूवी भी जांच के दायरे में लाई गई हैं।

एसीबी के अनुसार, अब तक बरामद चल-अचल संपत्तियों की दस्तावेजी कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। एजेंसी का कहना है कि इन संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्य इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। फिलहाल बैंक खातों, वित्तीय रिकॉर्ड और संपत्ति से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।