कौशांबी में बड़ा हादसा: टोल प्लाजा से टकराया LPG टैंकर, धमाके के बाद लगी भीषण आग, 10 घायल

Follow Us

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोखराज टोल प्लाजा के पास एलपीजी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में 10 लोग झुलस गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार एलपीजी टैंकर टोल प्लाजा से जा टकराया। टक्कर के बाद हुए विस्फोट से आग तेजी से फैल गई, जिसकी चपेट में टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी भी आ गए। हादसे में पांच टोल कर्मचारी समेत कुल 10 लोग झुलस गए। वहीं, टैंकर के ड्राइवर और कंडक्टर ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब दो किलोमीटर दूर से धुआं और आग दिखाई दे रही थी। झुलसे हुए कर्मचारी सड़क पर दर्द से तड़पते नजर आए। हादसे के बाद टोल प्लाजा के दोनों ओर बसों और कारों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।