जशपुर। निजी फोटो और वीडियो वायरल करने के साथ जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 24 वर्षीय युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा, पिता कृष्ण पाल, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय पीड़िता की आरोपी से अप्रैल 2024 में 4Fun एप के जरिए पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों की व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने दबाव बनाकर पीड़िता की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल किए तथा उनकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी की। बाद में इन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित करने और बातचीत बंद करने पर पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पीड़िता ने 21 जनवरी 2026 को जशपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 79, 351 और आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए) के तहत मामला कायम किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित गांव में तलाश की, लेकिन उसके फरार होने की जानकारी मिली। इसके बाद तकनीकी टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। आरोपी के दिल्ली में होने की सूचना मिलने पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में सिटी कोतवाली की टीम दिल्ली भेजी गई, जहां से आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें दो सिम कार्ड मिले। व्हाट्सएप और मोबाइल गैलरी की गवाहों की मौजूदगी में जांच कर पंचनामा तैयार किया गया और आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता और आरक्षक अविनाश की भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निजी तस्वीरों या वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अश्लील सामग्री के प्रसारण की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
