50 किलो गांजा तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, महासमुंद पुलिस ने ओडिशा में दी दबिश

Follow Us

महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महासमुंद पुलिस ने 50 किलो गांजा मामले के मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बलांगीर से गिरफ्तार किया है। बसना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डाटा एनालिसिस के आधार पर आरोपी बिस्वामित्र साहू (46) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई थाना बसना के अपराध क्रमांक 424/2026 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत दर्ज मामले में की गई।

पुलिस के मुताबिक 8 अगस्त 2026 को पलसापाली नाका पर वाहन जांच के दौरान क्रेटा कार से 50 किलो गांजा बरामद हुआ था। मामले में सीधी, मध्यप्रदेश निवासी आशीष सिंह (31) को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से बिस्वामित्र साहू से लिया था और इसे क्रेटा के जरिए भिलाई ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए सप्लायर की जानकारी जुटाई और उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी शुरू की। 1 अक्टूबर को आरोपी के बलांगीर में होने की सूचना मिलने पर टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने क्रेटा कार क्रमांक CG 04 AQ 6466 में गांजा लोड किया था और पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट OD 03 P 7254 लगाई गई थी। आरोपी बिस्वामित्र साहू पिता अंखड साहू, निवासी कमघाट, थाना कंटामाल, जिला बौद्ध, ओडिशा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में परिवहनकर्ता आशीष सिंह पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, जबकि मनोज साहू फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब तक 50 किलो गांजा, क्रेटा वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया गया है।