रायपुर। रायपुर की परंपरा और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक गणेश विसर्जन झांकी इस वर्ष शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष 62 झांकियां निकली थीं, वहीं इस वर्ष 74 झांकियां विसर्जन के लिए निकलीं, जो पिछले साल से लगभग 20 प्रतिशत अधिक है। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या भी रिकॉर्ड रही और 5 लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। रायपुर पुलिस कमिश्नर एवं पुलिस टीम ने लगभग दो माह पूर्व से ही तैयारी शुरू कर दी थी।
थाना स्तर पर आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की सूची तैयार कर निगरानी रखी गई। आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, NDPS एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सैकड़ों लोगों पर कार्रवाई कर जेल भेजा गया। पुलिस कमिश्नरेट की दो माह की व्यापक तैयारी और 6 जोन, 24 सेक्टर में ड्रोन, ITMS व सीसीटीवी से निगरानी के चलते 15 दिनों के पूरे गणेश उत्सव के दौरान कोई बड़ी वारदात नहीं हुई। पूरे उत्सव के दौरान कानून- व्यवस्था और यातायात के लिए प्रतिदिन 700-800 पुलिस अधिकारी-जवान तैनात रहे। प्रमुख चौक-चौराहों, पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल और लगातार पेट्रोलिंग की गई।
विसर्जन के दिन विशेष सुरक्षा, 400 किलो कड़ा बरामद
विसर्जन के दिन 50 से अधिक राजपत्रित अधिकारियों सहित बड़ा पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान 22 से अधिक चाकू, 4 कैंची और लगभग 400 किलोग्राम (लगभग 6000 नग) कड़ा, शराब की छोटी बोतलें बरामद की गईं। 50 से अधिक लोगों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। यातायात पुलिस ने चेकिंग के दौरान 15 से अधिक चोरी के वाहन भी बरामद किए।
तकनीक से निगरानी
उत्सव के दौरान ड्रोन, ITMS, CCTV कैमरों और आधुनिक तकनीक से लगातार निगरानी की गई। DCP क्राइम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच (ACCU) के साथ 200 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम संदिग्धों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने सफल आयोजन के लिए गणेश स्थापना समितियों, जनप्रतिनिधियों, आम जनता और मीडिया के सहयोग के लिए आभार जताया है।
