राजीव भवन में कांग्रेस की अहम बैठक शुरू, नए प्रभारी सुखदेव भगत ले रहे संगठन का फीडबैक

Follow Us

रायपुर। राजधानी के राजीव भवन में सोमवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत कर रहे हैं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद भगत का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी मौजूद हैं। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों के साथ संगठन के कामकाज और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक के बाद कनेक्ट सेंटर की टीम के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। इसमें संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

पहले दौरे में संगठन पर फोकस
सुखदेव भगत के पहले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन में बैठकों का दौर चल रहा है। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों से परिचय लिया और उनके विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली थी। अब राजीव भवन में प्रदेश कार्यकारिणी के साथ बैठक कर संगठन के विभिन्न स्तरों का फीडबैक लिया जा रहा है। नए प्रदेश प्रभारी की वरिष्ठ नेताओं और संगठन के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों के साथ लगातार हो रही बैठकों को देखते हुए कांग्रेस की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर नजर बनी हुई है।