रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने अभिभावकों से बच्चों पर परीक्षा में अव्वल आने का दबाव नहीं बनाने की अपील करते हुए कहा कि उनकी रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। चौधरी ने शुक्रवार रात भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता का आकलन केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों और रैंकिंग के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास, धैर्य, दृढ़ संकल्प और असफलताओं से सीखने की प्रवृत्ति महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर सृजित हुए हैं। सरकारी नौकरियों के अलावा खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। वित्त मंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने में अभिभावकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बच्चों को असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
चौधरी ने अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि आठ वर्ष की आयु में उनके पिता का निधन हो गया था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी माता ने उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की परीक्षा में सफलता हासिल की और करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहने के बाद राजनीति में प्रवेश किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी सहित निफ्ट, नाइलेट और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों से युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। वित्त मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में नवीन पाठ्यक्रमों और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए रूंगटा समूह के प्रयासों की भी सराहना की।इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, रूंगटा समूह के संचालक संजय रूंगटा, संतोष रूंगटा, चतुर्भुज राठी, राजेश चौहान सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
