छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर ED की बड़ी कार्रवाई, अपर कलेक्टर के ठिकाने पर 14 घंटे चली जांच

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों के मैनपावर घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग और धमतरी में एक साथ छापेमारी की। टीम ने रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह और धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह देवहारी के ठिकानों पर तलाशी ली। जानकारी के अनुसार, इंदिरा देवहारी के निवास पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे पहुंची ईडी की टीम ने लगभग 14 घंटे तक जांच की।

देर शाम तक चली कार्रवाई के बाद टीम अपने साथ कई दस्तावेज और महत्वपूर्ण जानकारियां लेकर रवाना हुई। जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन और अन्य संबंधित पहलुओं की पड़ताल की गई। अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर हैं। उन्हें फरवरी 2026 में शराब घोटाले से जुड़े 182 करोड़ रुपये के ओवरटाइम अनियमितता मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह जमानत पर हैं।

वहीं, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के आवास पर भी ईडी की टीम ने तलाशी ली। यहां दोपहर तक दस्तावेजों की जांच की गई। मूल रूप से अंबिकापुर के सत्तीपारा क्षेत्र के रहने वाले राजेंद्र सिंह के भाई लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। ईडी की इस कार्रवाई में वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े पहलुओं की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।