मुंबई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है जबकि अमेरिका के साथ व्यापार समझौता अंतिम चरण में है। साथ ही आठ-नौ अतिरिक्त व्यापार समझौतों पर बात जारी है। गोयल ने यहां भारत ऋण पूंजी बाजार शिखर सम्मेलन 2026 को में कहा कि भारत मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप देने और वस्तु एवं सेवा कर व्यवस्था में सुधार करने की प्रक्रिया लगातार जारी रखे हुए है। इन सुधारों का उद्देश्य जीएसटी प्रणाली को सरल बनाना और कर दरों में कमी लाकर उपभोग को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते अभी लागू होने बाकी हैं। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर इस वर्ष के अंत तक हस्ताक्षर होने और अगले वर्ष मार्च या अप्रैल तक इसके लागू होने की उम्मीद है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता भी अंतिम चरण के करीब है तथा इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और रूपरेखा अब आकार लेने लगी है।
खाद्य सुरक्षा और पोषण के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के लिए एमवे इंडिया ने किया एमओयू
सरकार की पिछले 12 साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि साल 2014 तक देश के मुक्त व्यापार समझौतों में ऐसे देश शामिल थे, जिनका संयुक्त सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) लगभग 10 ट्रिलियन डॉलर था। उस समय वैश्विक जीडीपी लगभग 115 ट्रिलियन डॉलर थी। पिछले पांच साल में 38 विकसित देशों को अपने दायरे में शामिल करने वाले नौ मुक्त व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिया गया है, जिनकी संयुक्त जीडीपी 60 ट्रिलियन डॉलर है। पहले से मौजूद समझौतों को मिलाकर अब भारत को वैश्विक जीडीपी के 70 ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्थाओं के बाजारों तक तरजीही पहुंच प्राप्त है।
गोयल ने कहा कि भारत वर्तमान में आठ से नौ अतिरिक्त व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहा है। इन समझौतों से बाजार तक लगभग 15 ट्रिलियन डॉलर की अतिरिक्त पहुंच मिलने की उम्मीद है। इससे देश की कुल तरजीही बाजार पहुंच बढ़कर लगभग 85 ट्रिलियन डॉलर हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि दुनिया का लगभग हर देश भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता करना चाहता है। यह एक भरोसेमंद वैश्विक साझेदार के रूप में भारत की बढ़ती स्थिति और भारतीय व्यवसायों के लिए उपलब्ध अवसरों को दर्शाता है। निर्यातकों और उन्हें पूंजी मुहैया कराने वालों से उन्होंने मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से उपलब्ध हुए अवसरों को वास्तविक निवेश निर्णयों में बदलने तथा नए खुले बाजारों की मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन एवं सेवा क्षमता विकसित करने का आग्रह किया।
