रायपुर के स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी का खुलासा, 24 घंटे में धमतरी और नागपुर से 3 अपचारी बालक पकड़े गए

Follow Us

रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित लोधीपारा चौक के खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने शोरूम से 2 लाख 56 हजार 163 रुपये नगद और एक POI Power Switch चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये और POI Power Switch बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने 24 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाया था। अगले दिन 25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर शटर का ताला खुला मिला। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा भी बदली हुई थी। जांच करने पर गल्ले में रखी नगदी और POI Power Switch गायब मिले।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध को दुकान में प्रवेश करते देखा गया। संदिग्ध ने पहले सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदली और फिर नगदी व POI Power Switch लेकर फरार हो गया। बताया गया कि आरोपियों ने POI Power Switch को सीसीटीवी कैमरों का DVR समझकर चोरी किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने विशेष पुलिस टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। ADCपी आदित्य पांडे और ACP पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच में पता चला कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए धमतरी और नागपुर में कार्रवाई की और तीनों को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई नगदी में से 2 लाख 52 हजार 700 रुपये और POI Power Switch बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों अपचारी बालकों की पहचान गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।