बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पत्नी का किसी अन्य पुरुष के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना और पति की गैरमौजूदगी में उससे मिलना मानसिक क्रूरता के दायरे में आ सकता है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों के प्रत्यक्ष प्रमाण होना जरूरी नहीं है। अदालत ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को आधार मानते हुए पति की तलाक याचिका स्वीकार कर ली है।
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की खंडपीठ ने पारिवारिक न्यायालय के पुराने फैसले को निरस्त करते हुए हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) के तहत तलाक की मंजूरी दी। मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र का है। दंपती का विवाह वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था और उनके तीन बच्चे हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी को दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करने से मना करने के बावजूद वह संपर्क बनाए रखती थी। इससे वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ। पति ने मानसिक प्रताड़ना के आधार पर पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी लगाई थी, लेकिन 23 नवंबर 2019 को पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने की बात कहकर याचिका खारिज कर दी गई थी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।
हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दंपती के बेटे और बेटी ने भी गवाही दी। बेटी ने बताया कि उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बात करती थी और परिवार के समझाने के बाद भी बातचीत बंद नहीं की। बेटे ने बयान दिया कि पिता की अनुपस्थिति में वह व्यक्ति घर आता था। बच्चों द्वारा पिता को इसकी जानकारी देने पर मां ने उन्हें डांटकर चुप करा दिया था। बेटे के मुताबिक, उसकी मां एक बार घर छोड़कर उस व्यक्ति के घर भी चली गई थी। पति ने भी 22 अगस्त 2017 की एक घटना का उल्लेख किया, जब पत्नी को उसके माता-पिता की तबीयत खराब होने पर अस्पताल भेजा गया था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा था। पत्नी ने दोबारा संपर्क नहीं रखने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर बातचीत शुरू कर दी।
मामले के सभी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का मूल्यांकन करने के बाद हाईकोर्ट ने माना कि पारिवारिक न्यायालय ने महत्वपूर्ण तथ्यों पर उचित विचार नहीं किया था। अदालत ने कहा कि विवाहेतर संबंधों से जुड़े मामलों में हर बार प्रत्यक्ष प्रमाण जुटाना संभव नहीं होता। ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का समग्र मूल्यांकन जरूरी है। अदालत के अनुसार, शारीरिक संबंध साबित नहीं होने के बावजूद किसी अन्य पुरुष को घर बुलाना, लगातार फोन पर बातचीत करना और उसके साथ बाहर जाना मानसिक क्रूरता के आकलन में महत्वपूर्ण हो सकता है। इन्हीं तथ्यों के आधार पर हाईकोर्ट ने पारिवारिक न्यायालय का आदेश रद्द कर पति की तलाक अपील स्वीकार कर ली।
