रोहतक में खूनी गैंगवार! ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, चार युवकों की हत्या

Follow Us

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने खूनी खेल खेलते हुए चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर हुई। स्विफ्ट कार में सवार होकर आए पांच बदमाशों ने ढाबे पर बैठे युवकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस चौकी के इतने नजदीक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

घटना रात करीब 12:30 बजे की है। उस समय मिलन ढाबे पर कुछ युवक खाना खा रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार पांच बदमाश वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे युवकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चौथा युवक जान बचाने के लिए भागने लगा तो हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से भून दिया। चारों की हत्या करने के बाद आरोपी कई मिनट तक हथियार लहराते हुए घटनास्थल पर घूमते रहे। इसके बाद वे कार में सवार होकर फरार हो गए। मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक डीघल गांव के रहने वाले थे, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी था।

चार युवकों की सामूहिक हत्या को भाऊ रिटोलिया गैंग और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हत्याकांड के तार डीघल गांव में पिछले दिनों हुई एक युवक की हत्या से भी जुड़ने की आशंका है। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

वारदात की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की स्विफ्ट कार और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटाई गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।