नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की संख्या के साथ चालान का भुगतान नहीं करने वालों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में वाहन चालक चालान भरने और उनका निपटारा कराने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 23 नवंबर तक दिल्ली में 83.8 फीसदी चालान लंबित थे, जबकि इस साल इसी अवधि तक यह आंकड़ा बढ़कर 94 फीसदी पहुंच गया है। यानी हर 100 चालानों में से 94 का निपटारा नहीं हो पाया है। पिछले एक साल में लंबित चालानों के अनुपात में 10.2 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।
चालान की रकम वसूलने की स्थिति भी लगातार कमजोर होती जा रही है। तीन साल पहले जहां जुर्माना वसूली की दर 12.8 फीसदी थी, वहीं अब घटकर केवल 2.2 फीसदी रह गई है। इस तरह वसूली दर में 10.6 प्रतिशत अंक की गिरावट दर्ज की गई है। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चालान जारी होने के बाद वाहन मालिक तक नोटिस पहुंचाना, भुगतान के लिए संपर्क करना और रकम जमा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई करना लंबी प्रक्रिया है। इसी वजह से बड़ी संख्या में चालानों का समय पर निपटारा नहीं हो पाता।
दिल्ली में पिछले 11 वर्षों के दौरान 12,790 करोड़ रुपये से अधिक का चालान जुर्माना बकाया है। इतनी बड़ी रकम की वसूली नहीं होने से यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधनों पर भी असर पड़ रहा है। इसका उदाहरण इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) है। करीब 1,789 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस योजना की परिकल्पना वर्ष 2008 में की गई थी, लेकिन इसे मंजूरी मिलने में 18 साल लग गए। इसके पीछे फंड की कमी को भी एक बड़ी वजह बताया गया है।
लगातार बढ़ते लंबित चालानों के बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को नई नीति से सुधार की उम्मीद है। ट्रैफिक पुलिस के विशेष आयुक्त अजय चौधरी के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत मामला अदालत में जाने से पहले वाहन चालक को जुर्माने की 50 फीसदी राशि जमा करानी होगी। पहले कई वाहन चालक जुर्माने की रकम कम कराने के लिए लोक अदालत का इंतजार करते थे, जिससे चालानों का निपटारा टलता रहता था। नई व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया में तेजी आने और लंबित चालानों की संख्या कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
