रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ के कंटेंट क्रिएटर्स राज्य के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से राज्य की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं। साय ने बुधवार रात राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026’ समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पॉडकास्ट शैली में युवा कंटेंट क्रिएटर्स से संवाद किया और अपने राजनीतिक जीवन के अनुभवों के साथ प्रदेश के विकास, कृषि, रोजगार, पर्यटन तथा बस्तर में बदलते हालात पर विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित से जुड़े विषयों को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। समारोह में सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से चयनित कंटेंट क्रिएटर्स को 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। इनमें खान-पान, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स शामिल रहे।
साय ने पंच से मुख्यमंत्री तक के अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया। जनता के आशीर्वाद से उन्हें पंच, सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिला।
कोयला लेवी घोटाला : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की जमानत याचिका खारिज
कृषि से जुड़े सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पात्रता के अनुसार पूरी आदान सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से बस्तर के दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने अभियान के जरिए ग्रामीणों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। युवाओं के रोजगार के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के अलावा उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के तहत एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है।
महंगाई, बेरोजगारी से हर नागरिक त्रस्त, राजस्थान पंचायत चुनाव में दिखा असंतोष-कांग्रेस
उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा बस्तर के जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जैसी पहल की जा रही हैं। साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में विजन दस्तावेज तैयार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के गठन के बाद से प्रदेश के खनिज राजस्व में पांच हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन स्थलों तथा स्थानीय उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से व्यापक पहचान दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी डिजिटल क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साय ने युवाओं से नशे से दूर रहने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कंटेंट क्रिएटर्स के हाथों में केवल मोबाइल और कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई और पुरस्कार विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
15 जनवरी 2027 तक होगी खसरा मैपिंग, सभी कलेक्टरों को जारी किए गए निर्देश
