कोयला लेवी घोटाला : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की जमानत याचिका खारिज

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। आज मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने केस डायरी और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में अग्रवाल की संलिप्तता पाए जाने तथा अपराध की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया।

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ईओडब्ल्यू/एसीबी) ने इस मामले में अग्रवाल को जुलाई में गिरफ्तार किया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार प्रदेश में कोयला परिवहन परमिट जारी करने की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल प्रणाली में परिवर्तित कर अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया गया था। इसके माध्यम से कोयला कारोबारियों से प्रति टन 25 रुपए की अवैध लेवी वसूली जाती थी। अभियोजन के मुताबिक रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच करीब 540 करोड़ रुपए की अवैध वसूली की गई थी।

महंगाई, बेरोजगारी से हर नागरिक त्रस्त, राजस्थान पंचायत चुनाव में दिखा असंतोष-कांग्रेस

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए देवेंद्र डडसेना के जरिए अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपए पार्टी के लिए लिए थे। जांच के दौरान अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। जांच एजेंसी ने इन संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई राशि के स्रोत पर सवाल उठाए हैं।

अग्रवाल की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए दलील दी कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और अब उन्हें हिरासत में रखकर पूछताछ करने की आवश्यकता नहीं है। बचाव पक्ष ने ट्रायल में देरी तथा अन्य सह-आरोपियों को उच्चतम न्यायालय से जमानत मिलने का हवाला देते हुए राहत देने का अनुरोध किया। वहीं, शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत को बताया कि अग्रवाल संपत्तियों की खरीद के लिए आय का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई है।

15 जनवरी 2027 तक होगी खसरा मैपिंग, सभी कलेक्टरों को जारी किए गए निर्देश

उच्च न्यायालय ने कहा कि ट्रायल में देरी के लिए अभियोजन को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है। अन्य सह-आरोपियों को करीब डेढ़ से दो साल जेल में रहने के बाद जमानत मिली थी, जबकि रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तारी के बाद करीब तीन महीने ही जेल में रहे हैं। ऐसे में समानता के आधार पर जमानत देने की उनकी मांग स्वीकार नहीं की जा सकती। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और आर्थिक अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। साथ ही स्पष्ट किया कि जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान की गई टिप्पणियों का ट्रायल में मामले के गुण-दोष पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।