एप्पल स्टोर में 2 करोड़ की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

0 करीब 1.50 करोड़ रुपये के 125 आईफोन बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब दो करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के कथित सरगना राजेश कंजर उर्फ झाला और चोरी के आईफोन खपाने के आरोपी सफान खान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 125 आईफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में गिरोह के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरमियानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर में चोरी हुई थी। आरोपियों ने दुकान से 173 आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड समेत करीब दो करोड़ रुपये का सामान पार कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।

प्रतिष्ठान संचालक ऋषभ डागा की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 487/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

0 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर विशेष जांच अभियान शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और तेलीबांधा थाना पुलिस के 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की छह टीमें बनाई गईं।

पुलिस टीमों ने करीब 25 दिनों तक लगातार जांच की। इस दौरान एक हजार से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। 250 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। इसके अलावा 1100 से अधिक सेल आईडी टावरों और 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों से संबंधित जानकारियों का विश्लेषण किया गया। आरोपियों की तलाश में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में भी अभियान चलाया गया।

प्रशासनिक फेरबदल : 9 तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को मिली नई जिम्मेदारी

जयपुर की चोरी से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2024 में राजस्थान के जयपुर स्थित एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटना के बारे में जानकारी मिली। उस मामले में मध्य प्रदेश के देवास और इंदौर क्षेत्र के एक गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद रायपुर पुलिस ने देवास पुलिस से संपर्क कर जांच आगे बढ़ाई।

देवास पुलिस के सहयोग से राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश कंजर (43 वर्ष), निवासी टोंककला, जिला देवास (मध्य प्रदेश) को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ मध्य प्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर के एप्पल स्टोर में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए आईफोन को खपाने के लिए सफान खान को सौंपा गया था।

0 मुंबई एयरपोर्ट के पास से सफान खान गिरफ्तार
राजेश झाला की गिरफ्तारी के बाद सफान खान फरार हो गया था। पुलिस को आशंका थी कि वह विदेश भाग सकता है। उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम उसकी तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान सफान खान के मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे विदेश जाने से पहले गिरफ्तार कर लिया।

महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस पर बीजापुर में जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं ने लिया हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प

गिरफ्तार सफान खान (35 वर्ष) मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले का निवासी है। उसकी निशानदेही पर बड़वानी जिले के जुलवानिया से चोरी किए गए 125 आईफोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, सफान खान वर्ष 2024 में जयपुर के एप्पल स्टोर में हुई चोरी के मामले में भी राजेश झाला के साथ गिरफ्तार हो चुका है।

दो आरोपी फरार, शेष सामान की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के दो अन्य सदस्य राज झाला और राजेश लोधी अभी फरार हैं। दोनों मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही हैं।

जांच के दौरान चोरी के आईफोन नेपाल और बांग्लादेश में खपाए जाने से संबंधित सूचनाएं भी सामने आई हैं, जिनका पुलिस परीक्षण कर रही है। राजेश झाला को पुलिस रिमांड और सफान खान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य राज्यों में पिछले एक वर्ष के दौरान एप्पल स्टोर में हुई चोरी की घटनाओं में भी इस गिरोह की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित धारा जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।