करंट से युवक की मौत पर बिजली कंपनी को झटका, माता-पिता को 15.21 लाख मुआवजा देने का आदेश बरकरार

Follow Us

बिलासपुर। खेत में टूटे बिजली सर्विस तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिजली कंपनी की अपील खारिज कर दी है। कोर्ट ने जिला न्यायालय के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें मृतक के माता-पिता को 15 लाख 21 हजार 344 रुपये मुआवजा और छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया गया था।

मामले की सुनवाई जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने की। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिजली कंपनी की जिम्मेदारी केवल कनेक्शन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। बिजली के तारों का नियमित निरीक्षण, रखरखाव और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उसकी जिम्मेदारी है। बिजली जैसी खतरनाक व्यवस्था की आपूर्ति करने वाले विभाग को सुरक्षा संबंधी दायित्वों से पीछे नहीं हटना चाहिए।

मामला बेमेतरा जिले के पेंड्री गांव का है। गांव निवासी उदल चतुर्वेदी और जयकुमारी के 18 वर्षीय बेटे भानुप्रताप की 20 नवंबर 2022 को खेत में करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना के दिन वह सुबह करीब 9 बजे अपने बड़े भाई कृपादयाल के साथ खेत देखने गया था। खेत में घुसे मवेशियों को भगाने के दौरान वह सिंचाई के लिए लगाए गए तीन हॉर्स पावर के ट्यूबवेल कनेक्शन के टूटे सर्विस तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे की मौत के बाद माता-पिता ने बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ बेमेतरा के प्रथम जिला न्यायाधीश के न्यायालय में मुआवजे का दावा पेश किया था। सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने 19 नवंबर 2024 को बिजली विभाग की लापरवाही मानते हुए 15,21,344 रुपये मुआवजा और छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया था। बिजली कंपनी ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन डिवीजन बेंच ने अपील खारिज करते हुए जिला न्यायालय के मुआवजा आदेश को बरकरार रखा।