पुलिस की दबिश के दौरान तालाब में कूदे ग्रामीण की मौत, सुबह मिला शव, पुलिस पर लगे आरोपों की जांच

Follow Us

सक्ती। जुआ खेलने के दौरान पुलिस की दबिश पडऩे पर तालाब में कूदे एक ग्रामीण की डूबने से मौत हो गई। लापता ग्रामीण का शव सोमवार सुबह तालाब में तैरता मिला। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात हसौद पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। इसी दौरान गांव के निवासी महेश राम केंवट पुलिस को देखकर तालाब में कूद गए। इसके बाद वह लापता हो गए।

ग्रामीण के तालाब में डूबने की आशंका को देखते हुए उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खोजबीन के दौरान सोमवार सुबह तालाब में उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

० परिजनों के आरोपों की जांच का आश्वासन
घटना को लेकर सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।