केंद्र ने वाहन स्क्रैपिंग नियमों में संशोधन किया, परिचालन बंद करने वाले वाहन निर्माताओं की पुनर्चक्रण संबंधी जिम्मेदारियां तय कीं

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पर्यावरण संरक्षण (वाहनों का जीवनकाल समाप्त होने पर निस्तारण) नियम, 2025 में संशोधन करते हुए उन परिस्थितियों को स्पष्ट किया है, जिनमें स्थायी रूप से परिचालन बंद करने वाले वाहन निर्माताओं पर विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (ईपीआर) संबंधी कुछ दायित्व लागू होंगे। इसके साथ ही पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों में प्रसंस्कृत वाहन क्षेत्र से जुड़े इस्पात स्क्रैप के संबंध में एक प्रावधान में भी बदलाव किया गया है।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण (वाहनों का जीवनकाल समाप्त होने पर निस्तारण) संशोधन नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। संशोधित नियम अधिसूचना के साथ लागू हो गए हैं। संशोधित व्यवस्था के तहत, मूल नियमों के नियम 4(6) के प्रावधान केवल वाहन निर्माताओं के स्थायी रूप से परिचालन बंद करने की स्थिति में लागू होंगे। ये प्रावधान अपना परिचालन जारी रखने वाले निर्माताओं पर लागू नहीं होंगे। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित उप-नियम के प्रावधान “परिचालन जारी रखने वाले उत्पादकों पर लागू नहीं होंगे।”

राजनांदगांव में जेवरात चोरी करने के आरोप में एक युवती गिरफ्तार

परिचालन स्थायी रूप से बंद करते समय वाहन निर्माताओं को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) को निर्धारित पिछली अवधि के दौरान बाजार में उतारे गए वाहनों की जानकारी देनी होगी। परिवहन वाहनों के मामले में निर्माताओं को पिछले 15 वर्षों का ब्योरा देना होगा, जबकि गैर-परिवहन वाहनों के लिए यह अवधि पिछले 20 वर्षों की होगी। यह जानकारी केंद्रीय बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रारूप में जमा करनी होगी।

प्रस्तुत जानकारी के आधार पर बोर्ड परिचालन बंद करने की तारीख तक संबंधित निर्माता के विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (ईपीआर) संबंधी दायित्व निर्धारित करेगा और इसकी जानकारी निर्माता को देगा। नियम 4(6) के तहत इन दायित्वों का निर्धारण करते समय बोर्ड को सभी लागू नियामक प्रावधानों को ध्यान में रखना होगा।

संशोधन के तहत परिचालन जारी रखने वाले निर्माताओं को विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व के व्यापक ढांचे से छूट नहीं दी गयी है। इसमें केवल नियम 4(6) की प्रयोज्यता को स्थायी रूप से परिचालन बंद करने वाले निर्माताओं तक सीमित किया गया है। एक अन्य संशोधन के तहत, सरकार ने मूल नियमों के नियम 9(2) से “या पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्र में प्रसंस्कृत ऑटोमोबाइल क्षेत्र से संबंधित अन्य इस्पात स्क्रैप सामग्री” शब्दों को हटा दिया है।

शराब के नशे में ड्यूटी करने की शिकायत पर तहसील कार्यालय का रीडर निलंबित

संशोधन नियमों का मसौदा 27 मार्च, 2026 को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया था और आम लोगों से 60 दिनों के भीतर आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे। मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार को प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों पर विधिवत विचार किया गया। सरकार ने पर्यावरण (संरक्षण) नियम, 1986 के नियम 5(4) का भी इस्तेमाल करते हुए नियम 5(3)(ए) के तहत नोटिस देने की आवश्यकता से छूट दी। अधिसूचना में कहा गया है कि ऐसा करना जनहित में है। ये संशोधन पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 और इसके साथ पढ़े जाने वाले पर्यावरण (संरक्षण) नियम, 1986 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए अधिसूचित किए गए हैं। अधिसूचना पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में संयुक्त सचिव उदय चौधरी की ओर से जारी की गयी।