रायपुर/गांधीनगर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने नन्द घरों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने देखा कि बच्चों को बेहतर पोषण, सीखने का अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए किस तरह प्रयास किए जा रहे हैं। नन्द घर बच्चों के शुरुआती विकास के साथ माताओं तक जरूरी सहयोग पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यहां बच्चों को मिलने वाली देखभाल और सीखने का माहौल उनके आत्मविश्वास और भविष्य की नींव मजबूत करने में मददगार है।
गांधीनगर स्थित सचिवालय में लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात भी की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। बैठक में विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री राजवाड़े ने गुजरात में संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली।
यह दौरा दोनों राज्यों के बीच अनुभव साझा करने और बच्चों तथा महिलाओं के लिए संचालित सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और प्रयासों से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने तथा बच्चों तक पोषण, शिक्षा और देखभाल की सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

