उप्रः मथुरा के बहाने हिंदुत्व की सियासत- संजीव वर्मा

Follow Us

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों की बिसात बिछने लगी है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को अपनी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश करने वाली भारतीय जनता पार्टी अब मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि को चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने की तैयारी करती दिखाई दे रही है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान ‘अयोध्या हमारी हो गई है, अब मथुरा की बारी है’- सिर्फ धार्मिक आस्था की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपी राजनीतिक रणनीति का भी संकेत देता है। हालांकि, यह रणनीति क्या भाजपा आगामी चुनाव में एक बार फिर हिंदुत्व के उसी मुद्दे को धार देना चाहती है, जिसने उसे उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक मजबूती प्रदान की है? हालांकि, यह रणनीति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के उस रुख से भी मेल नहीं खाती, जिसमें उन्होंने अयोध्या के बाद दूसरे धार्मिक स्थलों को लेकर नए आंदोलनों से बचने की बात कही थी। ऐसे में भाजपा की राजनीतिक सक्रियता और संघ की घोषित सोच के बीच का अंतर भी चर्चा का विषय है। दरअसल, भाजपा के सामने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन और जनाधार को मजबूत बनाए रखने की चुनौती है। समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए के सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीति का प्रमुख आधार बनाया है। इस रणनीति ने भाजपा के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी की है। ऐसे में मथुरा का मुद्दा भाजपा के लिए एक ऐसा चुनावी हथियार बन सकता है, जिसके जरिए वह राजनीतिक बहस को जातीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व के सवालों से हटाकर धार्मिक पहचान और हिंदुत्व के विमर्श की ओर मोड़ सके। इस रणनीति का एक महत्वपूर्ण पहलू यादव मतदाताओं से जुड़ा है। भगवान श्रीकृष्ण को यदुवंशी परंपरा से जोड़कर देखा जाता है और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की राजनीति में यादव समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। भाजपा इसी धार्मिक-सांस्कृतिक जुड़ाव के माध्यम से अखिलेश यादव को असहज करने की कोशिश कर सकती है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चुनावी लाभ के लिए धार्मिक विवादों को फिर से राजनीतिक केंद्र में लाना उचित है? अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद भी बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य जैसे सवाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में उतने ही महत्वपूर्ण हैं। जनता को इन मुद्दों पर सरकार से जवाब और ठोस परिणाम चाहिए। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की अगले महीने राम मंदिर यात्रा भी इस राजनीतिक परिदृश्य को नया आयाम दे सकती है। भाजपा उन्हें हिंदुत्व के मुद्दे पर घेरने की कोशिश कर रही है, जबकि अखिलेश अपनी राजनीति को पीडीए, सामाजिक न्याय और विकास के सवालों पर केंद्रित रखना चाहते हैं। ऐसे में उनके सामने चुनौती यह है कि वे धार्मिक आस्था के प्रति सम्मान जताते हुए भाजपा के राजनीतिक एजेंडे का जवाब किस तरह देते हैं। कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश की राजनीति में ‘अब मथुरा की बारी’ का नारा केवल मंदिर निर्माण की मांग तक सीमित नहीं दिखता, बल्कि यह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की संभावित रणनीति का संकेत है। भाजपा जहां हिंदुत्व के पुराने और प्रभावी राजनीतिक आधार को फिर से सक्रिय करना चाहती है, वहीं अखिलेश यादव के सामने स्वमाजिक समीकरणों को बनाए रखने की चुनौती है। लेकिन लोकतंत्र में चुनावी मुकाबले की असली कसौटी धार्मिक नारों की ऊंचाई नहीं, बल्कि जनता के जीवन में आए बदलाव और सरकार के कामकाज का मूल्यांकन होना चाहिए। मथुरा की आस्था को राजनीतिक शतरंज का मोहरा बनाने के बजाय इस बात पर बहस होनी चाहिए कि प्रदेश के करोड़ों लोगों के जीवन में शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और विकास की रोशनी कितनी पहुंची है?