मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला, उनका योगदान अमूल्य : राजेश अग्रवाल

Follow Us

सरगुजा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में आयोजित मितानिन सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाली मितानिन बहनों के समर्पण, मेहनत और सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं और जागरूकता का लाभ पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें केवल स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज में सेवा, संवेदना और विश्वास का प्रतीक हैं। वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल, सुरक्षित मातृत्व, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन, बच्चों के टीकाकरण, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का काम करती हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाकर वे ग्रामीण परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण समुदाय के बीच मजबूत कड़ी का काम करती हैं। वे स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंद परिवारों को सुविधाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग करती हैं। उनके प्रयासों से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस लक्ष्य को पूरा करने में मितानिन बहनों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनों का योगदान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पोषण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण है। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ दूसरों के स्वास्थ्य की चिंता करना उनके त्याग और निःस्वार्थ सेवाभाव को दर्शाता है। उन्होंने मितानिन बहनों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा जारी रखने के लिए प्रेरित किया। समारोह में उपस्थित मितानिन बहनों और स्थानीय नागरिकों ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।